जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन पर खुद को रेलवे विजिलेंस इंस्पेक्टर बताकर रेलवे कर्मचारियों पर रौब झाड़ने वाले जावेद अली को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी पिछले करीब 6 महीने से फिरोजपुर मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर फर्जी अधिकारी बनकर घूम रहा था। वह चेकिंग स्टाफ के साथ ट्रेनों और बुकिंग काउंटरों पर पहुंचता था तथा वीआईपी ट्रीटमेंट लेने के साथ एसी कोच में मुफ्त सफर भी करता था। जालंधर कैंट में उसकी संदिग्ध हरकतों पर रेलवे कर्मचारियों को शक हुआ, जिसके बाद अधिकारियों को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंचे रेलवे अधिकारियों ने जब आरोपी से आधिकारिक आईडी कार्ड मांगा तो वह कोई वैध पहचान पत्र नहीं दिखा सका। इसके बाद जीआरपी और आरपीएफ ने उसे गिरफ्तार कर लिया। शुरुआती जांच में पता चला कि जावेद अली पहले भी उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर इसी तरह फर्जी इंस्पेक्टर बनकर पकड़ा जा चुका है। रेलवे अधिकारियों ने उसके खिलाफ धोखाधड़ी, फर्जी पहचान का इस्तेमाल और सरकारी कार्य में बाधा डालने समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रेलवे ने कर्मचारियों और यात्रियों से संदिग्ध लोगों की पहचान की पुष्टि करने की अपील भी की है।





