लुधियाना नगर निगम हाउस में F&CC के दो सदस्यों के चुनाव को लेकर आज जमकर हंगामा हुआ। गुरुनानक देव भवन में मेयर इंदरजीत कौर की अध्यक्षता में बुलाई गई बैठक के दौरान AAP पार्षद अश्वनी शर्मा और BJP पार्षद गौरवजीत गोरा के बीच हाथापाई तक हो गई। पुलिस और अन्य पार्षदों ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग किया।
विपक्षी पार्षद आज ही चुनाव कराने की मांग पर अड़े रहे, जबकि मेयर ने 29 अगस्त को वोटिंग कराने की बात कही। कांग्रेस और BJP पार्षदों का आरोप है कि AAP उम्मीदवार मौजूद नहीं हैं, इसलिए चुनाव टाला जा रहा है।
निगम अधिकारियों ने कहा कि नियमों के मुताबिक फॉर्म भरने के बाद तीन दिन में वोटिंग होगी। मेयर ने साफ किया कि चुनाव बैलेट पेपर से कराया जाएगा। वहीं विपक्ष हाथ खड़े करके मतदान की मांग कर रहा है। हंगामे के बाद सदन की कार्यवाही 15 मिनट के लिए स्थगित कर दी गई।





