जालंधर-पठानकोट रोड पर गांव राऊवाली में देर रात 7 लुटेरे हथियारों और लाठी-डंडों के साथ कोठी में दाखिल हुए और घर में अकेली 70 वर्षीय महिला को बंधक बना लिया। लुटेरों ने दीवार फांदकर घर में प्रवेश किया और अंदर मौजूद रमिंदर कौर को बंधक बनाकर उनके हाथ-मुंह पर पट्टी बांध दी।
आरोपियों ने इसके बाद घर के कमरों और अलमारी को खंगालना शुरू कर दिया। अलमारी का लॉक तोड़कर लुटेरे करीब 22 तोले सोने के गहने और 5 लाख रुपये कैश लेकर फरार हो गए। लूट के दौरान घर का सामान भी बुरी तरह बिखेर दिया गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी महिला को वहीं छोड़कर फरार हो गए। महिला ने किसी तरह पुलिस को इसकी सूचना दी।
घटना के बाद सामने आए CCTV फुटेज में कुछ संदिग्ध लाठी-डंडे लेकर कोठी की दीवार फांदते हुए नजर आ रहे हैं। वहीं, पहली कोठी में शोर मचने के बाद कुछ लोगों के भागने की तस्वीरें भी कैमरे में कैद हुई हैं। सूचना मिलते ही थाना मकसूदा पुलिस मौके पर पहुंची और महिला के बयान दर्ज किए। पुलिस ने CCTV फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है।
फिलहाल पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि पहली कोठी में घुसने की कोशिश और दूसरी कोठी में हुई लूट के पीछे यही गिरोह था या नहीं। आरोपियों की तलाश के लिए आसपास लगे अन्य CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
बताया जा रहा है कि वारदात से करीब एक घंटे पहले आरोपियों ने इसी इलाके की एक दूसरी कोठी में घुसने की कोशिश की थी। लेकिन वहां रहने वाले प्रवासियों ने शोर मचा दिया, जिसके बाद लुटेरे मौके से फरार हो गए। इसके बाद आरोपी पास की दूसरी कोठी में पहुंचे।





