जालंधर: समाज विरोधी तत्वों के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत जालंधर देहात पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। SSP हरविंदर सिंह विरक (PPS) की अगुवाई में पुलिस ने एक हथियार तस्कर को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में अवैध हथियार बरामद किए हैं। यह कार्रवाई SP (इन्वेस्टिगेशन) विनीत ईहलावत (IPS) और DSP (इन्वेस्टिगेशन) इंद्रजीत सिंह (PPS) की निगरानी में की गई।
CIA स्टाफ इंचार्ज इंस्पेक्टर पुष्प बाली की गुप्त सूचना के आधार पर ASI राजबीर सिंह की टीम ने 3 अप्रैल 2026 को थाना पतारा क्षेत्र में नाकाबंदी की। इस दौरान बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर आ रहे एक युवक ने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की, लेकिन उसे शक के आधार पर तुरंत काबू कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सूरज कुमार उर्फ लाडी, निवासी गांव शेखेवाल, थाना शाहकोट (जालंधर) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 3 पिस्टल (.32 बोर) मैगजीन समेत, 2 जिंदा कारतूस (.32 बोर), 2 देसी कट्टे (.315 बोर) और 2 जिंदा कारतूस (.315 बोर) बरामद हुए। इसके अलावा एक बिना नंबर प्लेट की काली स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल भी कब्जे में ली गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अपने साथी दविंदरपाल सिंह उर्फ दीपु और अन्य साथियों के साथ मिलकर उत्तर प्रदेश के मथुरा से सस्ते दामों पर अवैध हथियार खरीदकर जालंधर और आसपास के इलाकों में सप्लाई करता था।
इस मामले में थाना पतारा में FIR नंबर 25 दिनांक 03.04.2026 के तहत आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 111 के तहत केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
SSP हरविंदर सिंह विरक ने बताया कि आरोपी से गहन पूछताछ जारी है और हथियार तस्करी के पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने के प्रयास किए जा रहे हैं। फरार आरोपी दविंदरपाल सिंह उर्फ दीपु और अन्य साथियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अभियान लगातार चलाया जाएगा।





