कनाडा के एडमिंटन शहर से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। लुधियाना के समराला स्थित गांव लाल कलां की रहने वाली 23 वर्षीय दमनप्रीत कौर की कथित तौर पर उसके लिव-इन पार्टनर ने गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, 9 जुलाई को झगड़े के बाद दमनप्रीत बेहोश मिली थी। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 12 जुलाई को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत की वजह गला घोंटना सामने आई।
मामले में दिल्ली निवासी 22 वर्षीय रितेश कुमार को गिरफ्तार कर सेकेंड डिग्री मर्डर के आरोप में चार्ज किया गया है। पुलिस इसे इंटिमेट पार्टनर होमीसाइड मान रही है। दमनप्रीत करीब 5 साल पहले स्टडी वीजा पर कनाडा गई थी और पढ़ाई के दौरान उसकी मुलाकात रितेश से हुई थी। दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण शव को भारत लाने के लिए गो-फंड-मी अभियान भी शुरू किया गया है।





