जालंधर में डबल मर्डर केस के आरोपी गुल्लू और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। सीक्रेट सूचना पर नाका लगाकर खड़ी पुलिस ने जैसे ही आरोपी को रोकने की कोशिश की, उसने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं, जिसमें आरोपी गुल्लू की टांग में गोली लग गई। घायल होते ही वह सड़क पर गिर पड़ा और पुलिस ने मौके पर ही उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने बताया कि आरोपी गैंगस्टर जोगा फोलड़ीवाल से जुड़ा है और एक महीने पहले तिलक नगर में हुए डबल मर्डर का मुख्य आरोपी था। इस हत्याकांड में सिमरनजीत सिंह और सौरभ की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी। फिलहाल घायल आरोपी का अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि उसके फरार साथी की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।





