लुधियाना: बुधवार सुबह दुगरी फेज-1 अर्बन एस्टेट स्थित राम लाल भसीन पब्लिक स्कूल में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि सबसे पहले स्कूल के जनरेटर रूम से धुआं उठने के बाद आग की लपटें दिखाई दीं।
घटना के तुरंत बाद स्कूल प्रशासन ने सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालकर छुट्टी कर दी। छोटे बच्चों को घर भेजा गया, जबकि बड़े बच्चों के अभिभावकों को सूचना देकर बुलाया गया। प्राथमिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग पर काबू पा लिया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।
घटना की जानकारी मिलते ही आत्म नगर के विधायक कुलवंत सिंह सिद्धू भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्कूल प्रबंधन से जानकारी ली और कहा कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा मामले की जांच करवाई जाएगी।





