पंजाब के बठिंडा जिले के तलवंडी साबो में सोमवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। लगातार बारिश के बीच एक जर्जर मकान की छत अचानक ढह गई, जिससे कमरे में सो रहा पूरा परिवार मलबे के नीचे दब गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर परिवार को बाहर निकाला, लेकिन अस्पताल में 40 वर्षीय वीरपाल कौर और उनके 14 वर्षीय इकलौते बेटे अर्शदीप सिंह को मृत घोषित कर दिया।
हादसे में वीरपाल कौर की दोनों बेटियां सनमप्रीत कौर और खुशप्रीत कौर गंभीर रूप से घायल हो गईं और उनका इलाज जारी है। पुलिस के अनुसार, मकान काफी पुराना और जर्जर था, जो लगातार हो रही बारिश के कारण कमजोर हो गया था। प्रारंभिक जांच में इसी वजह से छत गिरने की आशंका जताई गई है।





